
खजराना चौराहे पर यातायात प्रबंधन बीट के सूबेदार ने नियमों के उल्लंघन पर वाहन चालकों पर की कार्रवाई। जुर्माना भी वसूला।
यातायात नियमों के पालन को लेकर पुलिस द्वारा सख्ती दिखाई जा रही है लेकिन इसके बावजूद लोग नियमों को मानने को तैयार नहीं हैं। दो महीने पहले जिस बुलेट का चालान अमानक नंबर प्लेट और मॉडिफाई साइलेंसर के लिए बनाया गया था, वह अभी भी उसी हालत में मिली। इस पर पुलिस ने बुलेट को यातायात थाने पर खड़ा करवाया। इसके अलावा राहगीरों की शिकायत पर एक कार के खिलाफ भी यातायात पुलिस ने कार्रवाई की है। वहीं शहर में अन्य स्थानों पर रेड लाइट उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के भी चालान बनाए गए।
खजराना यातायात प्रबंधन बीट क्षेत्र के प्रभारी सूबेदार अमित कुमार यादव शनिवार को अपने नोडल पाइंट खजराना चौराहे पर प्रधान आरक्षक अरविंद व टीम के साथ यातायात प्रबंधन कर रहे थे। इस दौरान यातायात के नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान बुलेट क्रमांक एमपी 09 वीजे 2248 जिसका दो महीने पहले अमानक नंबर प्लेट, मोडिफाइड साइलेंसर के लिए सूबेदार यादव ने 2250 रुपये का चालान बनाया गया था। शनिवार को भी वह उसी हालत वहां से गुजरी। इस पर अमानक नंबर प्लेट, तेज ध्वनि वाला मोडिफाइड साइलेंसर लगा होने पर बुलेट को जब्त कर यातायात थाने खड़ा करवा दिया गया। इसी दौरान राहगीरों ने भी कार क्रमांक एमपी 43 सीए 5119 की शिकायत की। इस पर पुलिस ने अगले चौराहा (बंगाली चौराहा) पर कार को रोककर 2500 रुपये का जुर्माना वसूला।
29 वाहनों के चालान बनाकर वसूले 16 हजार रुपये – इसी प्रकार ध्वनि प्रदूषण, संकेत उल्लंघन, ई-चालान, नंबर प्लेट, तीन सवारी, रांग साइड, ब्लैक फिल्म, खतरनाक ढंग से वाहन चलाना इस तरह कुल 29 चालान बनाकर 16 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। वहीं लवकुश चौराहा, रंजीत हनुमान मंदिर, नरेंद्र तिवारी टर्निंग, उषानगर कट, बड़ा गणपति चौराहा, कालानी नगर चौराहे पर यातायात प्रबंधन पुलिस की टीम ने प्रभावी कार्रवाई की।

