धार । भोज शोध संस्थान धार द्वारा संचालित श्रद्धालय वृद्धाश्रम में पर्यटन व संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर द्वारा वृद्धों का सम्मान किया इस दौरान अपनत्व का परिचय देते हुए मंत्री ने मंच से नीचे उतर कर सम्मान भी किया और उनका आशीर्वाद भी लिया।
इस दौरान सुश्री ठाकुर ने कहा कि वृद्धों का सम्मान हमारा सामाजिक दायित्व है। इस धरोहर को संजोए रखना हमारी संस्कृति है। इन्हें समुचित सम्मान मिले तो ये अपने अनुभवों का लाभ समाज को दे सकते है।
वही द्वितीय सत्र के कार्यक्रम की अध्यक्षता कवि संदीप शर्मा ने की। भोज शोध संस्थान के निदेशक डॉ. दीपेन्द्र शर्मा ने श्रद्धालय का प्रतिवेदन प्रस्तुत कर भावी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। आयोजन में श्रद्धालय में निवासरत वृध्दों एवं समयदानियों का सम्मान मोती माला, श्रीफल व अंगवस्त्र से किया गया। अनुविभागीय अधिकारी नेहा शिवहरे भी उपस्थित थीं। कार्यक्रम का संचालन जयन्त जोशी ने किया व आभार दुर्गेश नागर ने व्यक्त किया। इस अवसर पर नगर के सम्माननीय नागरिकों ने अपने ओर से वृद्धाश्रम संचालन में संस्थान को मदद की घोषणा की व बेहतर कार्य के लिए सुझाव भी दिए। प्रदेश के वरिष्ठ मंत्री के द्वारा सम्मानित होने पर बुजुर्गों में उत्साह रहा।
