
दिल्ली में कोरोना के मामले और पॉजिविटी रेट लगातार बढ़ रही है। राजधानी में मंगलवार को कोरोना के 21,259 नए मरीज मिले और संक्रमण दर 25.65 फीसदी दर्ज की गई। साथ ही कोरोना वायरस के संक्रमण से 23 मरीजों की मौत हुई। इससे पहले 16 जून 2021 को 25 मौतें हुई थीं। पिछले तीन दिनों में 57 मरीजों की मौत हो चुकी है, वहीं पिछले 11 दिनों में यानी इस महीने में 93 लोगों की जान जा चुकी है। जानते हैं दिल्ली में कोरोना से जुड़े पांच बड़े अपडेट
इसी हफ्ते आ सकता है कोरोना का पीक
दिल्ली में तेजी से बढ़ रहे कोरोना मामलों के बीच स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि यहां कोरोना संक्रमण का पीक इसी हफ्ते आ सकता है। एक बार पीक आने के बाद केस धीरे-धीरे कम होना शुरू होंगे। आईआईटी कानपुर के प्रफेसर राजेश रंजन ने एसआईआर मॉडल के हवाले से बताया कि मेट्रो शहरों में पॉजिटिविटी रेट में गिरावट या थम जाना अच्छा संकेत है। ऐसा ही रहा तो 3-4 दिन में पीक आ जाएगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में टेस्ट पॉजिटिविटी रेट 25 प्रतिशत पर स्थिर है। बुधवार को आने वाली रिपोर्ट से सब साफ हो जाएगा, लेकिन एक बात बिल्कुल तय है कि हम तीसरी लहर के पीक के काफी करीब हैं।
पूरे एनसीआर में लग सकती है पाबंदियां
दिल्ली में कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर केंद्र ने समूचे एनसीआर में पाबंदियां लगाने का दिल्ली सरकार को आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को कहा कि केंद्र के प्रतिनिधियों ने दिल्ली सरकार को आश्वासन दिया है कि राजधानी में लगाए गए कोविड से संबंधित प्रतिबंधों को पूरे एनसीआर में लागू किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बात का पूर्वानुमान लगाना मुश्किल है कि कोरोना वायरस की तीसरी लहर चरम स्थिति पर कब पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि सरकार को मजबूरी में प्रतिबंध लगाने पड़े हैं और दोहराया कि पूर्ण लॉकडाउन नहीं लगाया जाएगा।
कोरोना रोगियों के लिए ऑनलाइन योग क्लासेज
दिल्ली सरकार घर में पृथक रह रहे कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों के लिए आज से (12 जनवरी) ऑनलाइन योग और प्राणायाम कक्षाएं शुरू कर रही है। दिल्ली की योगशाला कार्यक्रम के तहत सुबह छह से 11 बजे तक और शाम चार से सात बजे तक एक-एक घंटे की आठ कक्षाएं लगेंगी। संक्रमण के बाद घर में रहकर इलाज करा रहे मरीजों की मदद के लिए सरकार अपनी तरह का पहला कार्यक्रम लेकर आई है। सीएम केजरीवाल ने कहा कि यह दुनिया में अपनी तरह का पहला कार्यक्रम है।

