
दिल्ली-एनसीआर में आज सुबह से ही ठंडक ज्यादा महसूस की जा रही है। आसमान में बादल छाए हुए हैं। दोपहर होते-होते ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, दिल्ली के कुछ इलाकों में बारिश भी शुरू हो गई। मौसम विभाग का कहना है कि रुक-रुककर रिमझिम बारिश आगे भी जारी रह सकती है। कोरोना से बचाव करते हुए लोगों को ठंड से भी बचने की जरूरत है।
दिल्ली में डिफेंस कॉलोनी, लाजपत नगर, मालवीय नगर, कालकाजी, महरौली, तुगलकाबाद, इग्नू, अयानगर इलाकों में बारिश हुई है और दिन में भी हो सकती है। उधर, एनसीआर की बात करें तो गाजियाबाद, इंदिरापुरम, नोएडा, गुरुग्राम, मानेसर, सोहना में हल्की बारिश हुई है और आगे भी होने की संभावना है।
पहाड़ों पर बर्फबारी और बारिश से दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में ठंडक बढ़ गई है। मौसम विभाग का कहना है कि आज यूपी, दिल्ली और राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। दिल्ली-एनसीआर में पिछले 48 घंटे में बारिश की फुहारों से ठंडक बढ़ी है।
भारत मौसम विभाग ने बताया है कि 28 दिसंबर को यानी आज उत्तर पश्चिम भारत में बारिश के आसार है। आज और कल मध्य भारत में और पूर्वी भारत में 30 दिसंबर तक मौसम का अनुमान है। उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में घना कोहरा छाया रह सकता है।
आसमान में बादल छाए रहेंगे
राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में रही। IMD के अनुसार, सफदरजंग वेधशाला में मंगलवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में आर्द्रता का स्तर 90 प्रतिशत दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिक ने बादल छाने के साथ ही हल्की बारिश या बूंदाबांदी जारी रहने की संभावना जताई है।

