विजयनगर क्षेत्र के एक पब से सोशल मीडिया ब्लॉगर युवती को दो युवको ने पहले कार में जबरदस्ती बैठाया फिर उसे सदर बाजार इलाके में ले जाकर उसके कपड़े फाड़कर अर्धनग्न हालत में बेरहमी से पीटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बाद में युवती को गंभीर हालत में सड़क पर पटककर भाग गए। पीड़िता ने वारदात को अंजाम देने वाले युवको पर अपनी सोने की चेन और रुपए लूटने का भी आरोप लगाया है। रविवार रात हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद सोमवार को पीड़िता ने सदर बाजार थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज करवाई है।
पीड़ित युवती ने बताया कि कल रात वह विजयनगर स्थित टिक टोक टेक पब एंड कैफे में अपने दोस्त मोहित के साथ अन्य दोस्त की जन्मदिन की पार्टी में गयी थी। पार्टी के फोटो और वीडियो उसने सोशल मीडिया स्नैपचैट पर डाले थे। स्नैपचैट पर उसके फोटो देख उसका पूर्व परिचित बाणगंगा इलाके का रहने वाला कमलेश जाट अपने दोस्त अमित यादव के साथ टिक टोक टेक पब एंड कैफे पहुंचा। पीड़िता से बात करने का कह कर कमलेश जाट ने उसे अपनी कार में जबरदस्ती बैठाया। वहां से उसके साथ लात-घुसो से बेरहमी से मारपीट करते हुए, उसके कपड़े फाड़ कमलेश मरीमाता चौराहे पर अर्धनग्न हालत में छोड़कर भाग गया।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी कमलेश जाट ने उसके गले से सोने की चेन और रुपए भी छीन लिए। देर रात हुई इस वारदात के बाद पीड़िता दूसरे लोगो की मदद लेकर अपने घर पहुंची। सोमवार दोपहर पीड़िता अपनी मां के साथ एफआईआर करने सदर बाजार थाने गई। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी कमलेश जाट पहले से शादीशुदा और बच्चे का पिता होने के बावजूद उस पर शादी करने का दबाव बना रहा है। वह पहले भी उससे शादी करने का मना कर चुकी है। कल रात भी इनकार करने के बाद उसके साथ इस तरह की बेरहमी की गई। पीड़िता की शिकायत पर सदर बाजार पुलिस ने आरोपी कमलेश जाट और अमित यादव के विरुद्ध धारा 327, 323, 294 और 506 के तहत प्रकरण दर्ज कर पीड़िता को मेडिकल के लिए एमवाय अस्पताल भेजा है।

