
अहमदाबाद: देश में कोरोना वायरस तेजी से बढ़ रहा है। इस जानलेवा महामारी से मरने वालों की संख्या बढ़ती ही जा रही है। कोरोना की चपेत में नेता, अभिनेता और जज सभी आ रहे हैं। अब इस बीच गुजरात हाईकोर्ट के जज जीआर उधवानी का शनिवार सुबह कोरोना वायरस से निधन हो गया। वह 59 वर्ष के थे।
25 नवंबर, 1961 को जन्मे जस्टिस उधवानी ने 1987 में वकालत की प्रैक्टिस शुरू की। जस्टिस उधवानी ने 12 नवंबर 2012 को गुजरात हाईकोर्ट के जज के रूप में कार्यभार संभाला था। इससे पहले वह 1997 में अहमदाबाद में सिटी सिविल कोर्ट में जज नियुक्त किए गए थे।
गुजरात के दो सांसदों को भी कोरोना से हो चुकी है मौत
बता दें कोरोना वायरस आम आदमी से लेकर चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, पुलिसकर्मियों, नेताओं और जजों को भी अपने चपेट में ले चुकी है। बता दें कई दिग्गजों की कोरोना वायरस मौत हो चुकी है। गुजरात के ही दो सांसदों की कोरोना वायरस की वजह से मौत हो चुकी है। हाल ही में कांग्रेस के राज्यसभा सांसद अहमद पटेल व बीजेपी राज्यसभा सांसद अभय भारद्वाज की कोरोना से मौत हो गई। अहमदाबाद महानगरपालिका के पार्षद बदरुद्दीन शेख की भी कोरोना से मौत हो चुकी है।
