
उज्जैन-इंदौर मार्ग पर सोमवार को तेज रफ्तार यात्री बस ने सड़क पार कर रही दो गायों को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने इंदौर की शुक्ला ब्रदर्स की इस बस में जमकर तोड़फोड़ की और फिर उसे आग के हवाले कर दिया। सूचना मिलने पर उज्जैन की नानाखेड़ा पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। गनीमत रही कि हादसे के वक्त बस में कोई यात्री सवार नहीं था।
घटना नानाखेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत पंथपिपलाई और रामवासा गांव के बीच हुई। इंदौर से जा रही शुक्ला ब्रदर्स की यात्री बस (MP 09 FA 7470) ने मवेशियों को चपेट में ले लिया। हादसे के बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया, जिसे ग्रामीणों ने तलाशने की कोशिश भी की। जब ड्राइवर नहीं मिला, तो लोगों का गुस्सा बस पर फूट पड़ा और उसे फूंक दिया।
