
इंदौर के आजादनगर थाना क्षेत्र में लूट की वारदात सामने आई है, जहां एक महिला ने मदद के बहाने युवक को सुनसान जगह ले जाकर अपने साथियों के साथ मिलकर नकदी और मोबाइल छीन लिया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार पीड़ित झहर सिंह निवासी सिमरोल रोड 3 मई की रात करीब 11 बजे तीन इमली बस स्टैंड पर बस का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान रोशनी नाम की एक महिला अपने बच्चे के साथ वहां पहुंची और उससे मदद मांगी। महिला ने बताया कि शौचालय के पीछे उसकी सहेली गिर गई है और उसे मदद की जरूरत है।
विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट की
महिला के झांसे में आकर युवक उसके साथ सुलभ कॉम्प्लेक्स के पीछे चला गया, जहां पहले से ही दो युवक सुनील और मोनू मौजूद थे। तीनों आरोपियों ने मिलकर उसे बदनाम करने की धमकी दी और उसकी जेब से करीब 26 हजार रुपए नकद और मोबाइल फोन छीन लिया।
विरोध करने पर आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट की और थप्पड़ मारकर वहां से भगा दिया। इसके बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं अपराध
बदनामी के डर से पीड़ित ने तत्काल शिकायत नहीं की, लेकिन परिजनों को घटना बताने के बाद मंगलवार को थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुनील और मोनू उर्फ ऋषभ को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। सुनील और रोशनी पर पहले से अपराध दर्ज हैं, जबकि रोशनी के पिता के खिलाफ भी तेजाजी नगर थाने में मामले दर्ज हैं। पुलिस अन्य संभावित वारदातों के संबंध में भी जांच कर रही है।
