
लसूड़िया क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान एक युवक ने तेज गति से कार चलाते हुए पुलिस बैरिकेड को टक्कर मारकर तोड़ दिया। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वाहन जब्त कर लिया गया है।
टीआई तारेश सोनी के अनुसार, एक एसआई टीम के साथ 15 मार्च की रात सत्य सांई चौराहा स्थित गुजराती स्कूल के पास वाहन चेकिंग पर थे। रात करीब 12:42 बजे एक कार (क्रमांक MP-09-ZL-6653) तेज गति से लहराते हुए चेकिंग पॉइंट की ओर आई और बैरिकेड को टक्कर मारकर भागने का प्रयास करने लगी। दूसरे बैरिकेड से बचने के प्रयास में चालक ने कार को पेड़ से टकरा दिया, जिससे कार पलट गई। चालक को पकड़कर पूछताछ की तो उसने अपना नाम ध्रुव अग्रवाल (23) निवासी सांघी स्ट्रीट, महू बताया।
पहले भी चेकिंग में हुए हैं हादसे
दो महीने पहले सत्य सांई चौराहे पर नशे की हालत में तेज रफ्तार इनोवा (क्रमांक MP09 BE 0227) चालक ने पुलिसकर्मी रवि चंद्रवंशी को घायल कर दिया था। आरोपी ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और फरार हो गया था। जबकि उसकी कार की नंबर प्लेट सड़क पर गिर गई। इसी से उसे पकड़ लिया गया था।
9 सितंबर 2025 को द्वारकापुरी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने हेड कांस्टेबल दीनदयाल शर्मा को टक्कर मार दी। इस गंभीर घटना में पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
79.1 एमजी निकली शराब, जो काफी ज्यादा थी
युवक को कार से बाहर निकालकर पुलिस ने ब्रीथ एनालाइजर से जांच की। इस पर चालक के शरीर में 79.1 mg/100 ml शराब पाई गई। यह काफी ज्यादा मात्रा में होती है। इसके बाद पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन को जब्त कर लिया। घटना में बैरिकेड्स को भी नुकसान पहुंचा है।
