
इंदौर में ट्रैफिक व्यवस्था को अधिक सुचारू, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस द्वारा चार जोन के लिए के लिए चार विशेष पेट्रोलिंग टीमों सहित 8 बैकअप व्हील लॉक टीमें काम करेंगी।
इन टीमों का मुख्य उद्देश्य शहर के व्यस्ततम मार्गों, प्रमुख बाजार क्षेत्रों एवं यातायात दबाव वाले स्थानों पर अव्यवस्थित एवं अवैध पार्किंग पर नियंत्रण कर, यातायात नियमों का उल्लंघन पर कार्रवाई करना और ट्रैफिक को सुगम बनाना है। शनिवार को डीसीपी राजेश कुमार त्रिपाठी ने यातायात प्रबंधन पुलिस के एडिशनल डीसीपी, एसीपी, थाना प्रभारी की मौजूदगी में पेट्रोलिंग पार्टी एवं व्हील लॉक पार्टी के अधिकारी कर्मचारियों के कामों की समीक्षा की। इस दौरान 8 अन्य पेट्रोलिंग टीम बनाई गई।
यातायात के चारों जोन में 2-2 व्हील लॉक/पैट्रोलिंग टीम जिसमें 4-4 अधिकारी/कर्मचारी रहेंगे। ये 12 टीमें अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में घूमकर ट्रैफिक दबाव एवं अव्यवस्थित पार्किंग की स्थिति को देखेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करेंगे। पेट्रोलिंग टीमों द्वारा मुख्य मार्गों, बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार मूवमेंट किया जाएगा और पीए सिस्टम, बॉडी वॉर्न कैमरा, क्रेन/सपोर्ट वाहन, व्हील लॉक एवं पीओएस मशीन की सहायता से अवैध पार्किंग, फुटपाथ पर वाहन खड़े करने तथा सड़क पर वाहन खड़े कर ट्रैफिक बाधित करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
ट्रैफिक पुलिस द्वारा पहले वाहन चालकों को समझाइश एवं चेतावनी दी जा रही है, इसके बाद नियमों का उल्लंघन करने पर व्हील लॉक एवं क्रेन के माध्यम से चालानी कार्रवाई की गई। इसके अलावा पीए सिस्टम के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों का पालन करने तथा निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की अपील की जा रही। ट्रैफिक पुलिस द्वारा की जा रही लगातार कार्रवाई के परिणामस्वरूप कई क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था अधिक सुगम हुई है और आम जनता को राहत मिली है। आगामी दिनों में भी विभिन्न इलाकों में विशेष पेट्रोलिंग और सख्त कार्रवाई लगातार की जाएगी।
