
पीथमपुर के सेक्टर एक थाना क्षेत्र अंगर्तत बरदरी गांव में एक 28 वर्षीय महिला अपने दो छोटे बच्चों को घर में अकेला छोड़कर गायब हो गई। पति ने मामले की शिकायत थाने में दर्ज कराई है। जिसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और फोन लोकेशन की मदद से तलाश में जुट गई है। उपनिरीक्षक दशरथ सिंह मंडलोई के अनुसार, बरदरी गांव में किराए पर रहने वाले एक मजदूर ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता ने बताया कि जब वह रात में कंपनी से काम करके घर लौटा, तो उसके दोनों छोटे बच्चे घर में अकेले थे और उसकी पत्नी कहीं नहीं मिली। पति ने आसपास के क्षेत्र में पत्नी की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर महिला की तलाश शुरू कर दी है। जांच में तेजी लाने के लिए पुलिस महिला के मोबाइल फोन की लोकेशन का पता लगाने के साथ-साथ आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
