
इंदौर के एरोड्रम पुलिस ने नगर निगम के उपयंत्री और टैंकर के ड्राइवर के साथ मारपीट करने के मामले में दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोपियों ने पानी का टैंकर नहीं भेजने की बात पर विवाद किया था। पुलिस इस मामले में आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस ने मनोज चौहान निवासी नगर पालिका निगम वार्ड इंचार्ज उपयंत्री 13, जोन नंबर 4 पानी की टंकी संगम नगर की शिकायत पर कृष्णकांत तिवारी निवासी शुभम पैलेस कॉलोनी और नरेन्द्र रघुवंशी निवासी दुर्गा कॉलोनी के खिलाफ केस दर्ज किया है। मनोज ने बताया कि वह शनिवार शाम फिल्ड पर थे। जोन पर कर्मचारी अजय गौड पहुंचा। यहां पर पहुंचते ही उन्होंने अजय से विवाद किया और अफसर को बुलाने की बात की। अजय ने मनोज को कॉल किया। जब मनोज वहां पहुंचे तो दोनों उनके साथ तेज आवाज में बात करने लगे। और अपशब्दों कहे।
मनोज ने धीरे बात करने के लिए कहा तो आरोपियों ने झूमाझटकी करते हुए मारपीट कर दी। इस बीच अजय बचाव करने आया तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। उन्होंने इस दौरान वहां सामान गिरा दिया। और रजिस्ट्रर के पेज फाड़ दिए। दोनों ने धमकी दी कि अगर आगे से समय पर पानी का टैंकर नही भेजा तो ठीक नहीं होगा। नौकरी तो कर नहीं पाओगे और जान से हाथ धोना पड़ेगा। इसके बाद ऊपर अधिकारियों को जानकारी दी। थाने जाकर देर शाम मामले में दोनों आरोपियों पर शासकीय कार्य में बाधा सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
