
खुडैल रोड पर टेंट व्यवसायी के यहां दिवाली की लाइटिंग लगाते समय एक कर्मचारी तीसरी मंजिल से नीचे आ गिरा। उसे उपचार के लिए नजदीक के अस्पताल ले जाया गया। यहां पर उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम किया है।
खुडैल पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक राजेश (32) पुत्र सीताराम पटोरकर, निवासी अचलपुर अमरावती को उसका भाई मगन मृत अवस्था में सोमवार देर शाम एमवाय लेकर आया। पुलिस को दिए बयान में उसने बताया कि राजेश उसके मालिक जगदीश यादव निवासी देवगुराड़िया के मकान में लाइटिंग का काम कर रहा था। इस दौरान जगदीश की बेटियां भी छत पर मौजूद थीं। तब टावर के ऊपर से राजेश का संतुलन बिगड़ा और वह तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया। गंभीर हालत में उसे नोबल अस्पताल ले जाया गया। यहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। भाई मगन ने बताया कि दोनों करीब 6 साल से ज्यादा समय से यहां पर काम कर रहे हैं। दोनों भाई इसी मकान में बने कमरे में नीचे रहते थे। राजेश का एक बेटा और बेटी है जो मां के साथ गांव में रहते हैं।
