
इंदौर में अवैध रूप से संचालित 7 ट्रेवल एजेंसियां सील:चार बसें जब्त; 18 को चेतावनी, चालानी कार्रवाई कर 1 लाख वसूले
इंदौर में यातायात को सुगम बनाने के लिए कलेक्टर, जिला प्रशासन, परिवहन विभाग, पुलिस और नगर निगम की टीम द्वारा संयुक्त रूप से कार्रवाई की जा रही है। शुक्रवार को टीम ने अवैध रूप से संचालित सात ट्रेवल एजेंसियों को सील किया। इसके साथ ही चार बसें जब्त की गईं और चालानी कार्रवाई में 1 लाख रुपए वसूले गए। यह कार्रवाई मुसाखेड़ी मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ की गई। यहां अवैध रूप से संचालित ट्रेवल एजेंसियों द्वारा बसें मुख्य मार्ग पर खड़ी कर यातायात बाधित किया जा रहा था, जिससे आम लोगों को परेशानी हो रही थी। इस पर अमर ज्योति, बाबा, जय भवानी, ओम सांई, एमआर, चौहान ट्रेवल्स सहित अन्य एजेंसियों को सील कर दिया गया। साथ ही आज 18 ट्रेवल एजेंसियों को चेतावनी दी गई है। चार बसों को जब्त कर ट्रैफिक थाने में खड़ा करवाया गया और सात बसों पर चालानी कार्रवाई की गई।
