प्रदेश के प्रतिष्ठित सांवेर विधानसभा सीट को लेकर प्रमुख राजनीतिक दलों ने पूरा जोर लगाया है। इस बार यहां 13 उमीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। जिनमे भाजपा ,कांग्रेस, बसपा,जनतादल के अलावा 9 उम्मीदवार निर्दलीय हैं। पिछले चुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार तुलसीराम सिलावट यहां से 2945 मतों से जीते थे। इस बार वे भारतीय जनता पार्टी से अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। उनके सामने इस बार कांग्रेस की ओर से प्रेमचंद गुड्डू बड़ी चुनौती बने हैं। ऐसे में यह बहुत मायने रखता है कि युवा मतदाताओं का रुझान किस तरफ है। निश्चित तौर पर इस बार उस उम्मीदवार का पलड़ा भारी होगा जिधर युवाओं का रुझान ज्यादा होगा। सांवेर विधानसभा क्षेत्र में इस बार लगभग 76 हजार मतदाता ऐसे हैं जिनकी उम्र 18 से 29 साल के बीच है। इस बार यहां 23628 नए मतदाता भी अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। सांवेर विधानसभा क्षेत्र में कुल 270118 मतदाता है इनमें 138425 पुरुष मतदाता और 131690 महिला मतदाता हैं वही थर्ड जेंडर के भी 3 मतदाता हैं । इस बार इस विधानसभा क्षेत्र में कुल 380 मतदान केंद्र बनाए गए हैं । मतदान की सभी तैयारियां लगभग पूर्ण हो चुकी हैं। शहरी क्षेत्र में 61 मतदान केंद्रों को तैयार करने की जवाबदारी नगर निगम ने निभाई है वही बचे हुए 319 मतदान केंद्र जिला पंचायत द्वारा तैयार किए गए हैं। इन मतदान केंद्रों में मतदाताओं के लिए सभी तरह की सुविधाएं जुटाई गई हैं। सभी मतदान केंद्रों में मतदाताओं के लिए सैनिटाइजर, ग्लव्स ,मास्क आदि की व्यवस्थाएं की गई हैं। इस कार्य के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर 4-4 कर्मचारियों विशेष दल अलग से तैनात किए जा रहे हैं। 39 सेक्टर डॉक्टर्स भी तैनात किए गए हैं। मतदान केंद्र में पहुंचने वाले मतदाताओं के बैठने के लिए टेंट लगाए गए हैं। इस बार मतदाताओं को लाइन में नहीं खड़ा किया जाएगा बल्कि तापमान लेने के बाद उन्हें टोकन देकर उन्हें कुर्सियों पर बैठाया जाएगा। सभी मतदान केंद्रों में पंखा विद्युत व्यवस्था ,पेयजल, टॉयलेट आदि व्यवस्था की गई है। इस बार 494 मतदान दल पूरी व्यवस्था को संभालेंगे। मतदान केंद्रों पर 1976 मतदान कर्मियों को लगाया गया है। 39 सेक्टर अधिकारी पूरी मतदान व्यवस्था का नियंत्रण करेंगे। मतदान के दौरान सुरक्षा के लिए 1200 पुलिस अधिकारी और पुलिस कर्मचारी लगाए गए हैं।लगभग 94 मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है। इन मतदान केंद्रों को सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से वेबकास्टिंग से जोड़ा गया है।
