
परिवहन विभाग द्वारा शुक्रवार को कनाड़िया रोड पर स्कूली वाहनों की सघन जांच की गई। इस दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर सात वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 35 हजार रुपए जुर्माना वसूला गया। बिना परमिट चल रही दो बसें जब्त की गईं।
आरटीओ इंदौर प्रदीप कुमार शर्मा के मुताबिक कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर कनाड़िया रोड क्षेत्र में स्कूली वाहनों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। जांच में वाहनों के परमिट, फिटनेस, बीमा सहित सभी दस्तावेज जांचे गए। वाहनों में फायर सेफ्टी उपकरण, स्पीड गवर्नर आदि की जांच की गई।
जांच के दौरान सात स्कूली वाहनों में विभिन्न कमियां पाए जाने पर 35 हजार रुपए जुर्माना वसूला गया। साथ ही बिना परमिट चल रही दो बसों को जब्त किया गया। उनसे अनुमानित 90 हजार रुपए जमा किए जाने की संभावना है। कार्रवाई में एआरटीओ राजेश गुप्ता एवं संभागीय परिवहन सुरक्षा स्क्वॉड एवं उनकी टीम शामिल थी।
बच्चों और पालकों से लिया फीडबैक- जांच के दौरान बच्चों और उनके पालकों से भी फीडबैक लिया गया। उनसे पूछा गया कि कहीं वाहन चालक तेज गति से तो वाहन नहीं चलाते या चालक वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग तो नहीं करते। शिकायत मिलने पर संबंधित वाहनों पर विशेष नजर रखी गई।
