
इंदौर के हीरानगर थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह में शामिल युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना सोमवार रात की है। मृतक अंकित तिवारी (38) निवासी स्कीम नंबर 78 निजी कंपनी में कार्यरत था। वह अपने दोस्त की शादी में आनंद मिलन गार्डन गया था, जहां देर रात उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रात करीब ढाई बजे अंकित कार में मृत अवस्था में मिला। कार का दरवाजा खुला हुआ था। दोस्तों ने उसे कार में देखा तो तुरंत सीपीआर देने की कोशिश की, लेकिन जब कोई हलचल नहीं हुई तो उन्होंने पुलिस एफआरवी को सूचना दी। बाद में उसे एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इंदौर में लगातार दूसरे दिन ऐसी घटना हुई है।
परिजनों को आधी रात मिला पुलिस का फोन
परिवार के सदस्यों ने बताया कि उन्हें देर रात पुलिस और एमवाय अस्पताल से कॉल आया, जिसके बाद वे सीधे अस्पताल पहुंचे। अंकित अपने परिवार पत्नी, दो बच्चों और मां के साथ रहता था।
हार्टअटैक की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
टीआई सुशील पटेल के अनुसार प्राथमिक तौर पर यह हार्टअटैक का मामला प्रतीत होता है। पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिजन अंकित को अस्पताल ले जा चुके थे। जहां पर अंकित मिला, उस पार्किंग में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। अंकित ने सोमवार को ही एक निजी डायग्नोस्टिक सेंटर पर अपना चेकअप कराया था। उसे पहले से ही घबराहट हो रही थी वही सीने में दर्द था। जिसके बाद डॉक्टर ने उसे चेकअप कराने की सलाह दी थी।
