
राऊ थाना इलाके में रहने वाली एक महिला के साथ मानव तस्करी का मामला सामने आया है। पति से अलगाव के बाद रिश्तेदार के यहां जाने के लिए निकली थी। उज्जैन रेलवे स्टेशन पर उसे एक महिला मिली और दोस्ती कर ली। उसे एक महीने तक अपने घर में रखा। फिर एक दोस्त की मदद से उसे डेढ़ लाख में बेच दिया। मामला सामने आने पर पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा है।
राऊ टीआई राजपाल सिंह राठौर के अनुसार पकड़ाए आरोपी दिनेश पिता भंवरलाल चौधरी निवासी ग्राम लूनी जिला रतलाम और जितेंद्र पिता मोहनलाल बारोड निवासी ग्राम कलसी, नागदा हैं। जबकि महिला मांगू बाई निवासी खाचरोद कुछ दिन पहले ही बेटे की फर्जी शादी व दुष्कर्म के मामले में उज्जैन सेंट्रल जेल में बंद है।
टीआई ने बताया कि उनके इलाके में रहने वाली पीड़िता घर से रिश्तेदार के यहां जाने का बोलकर निकली थी। जब वह रिश्तेदार के यहां नहीं पहुंची तो पति ने 30 जून को गुमशुदगी दर्ज करवाई। ढाई महीने बाद महिला का पता चला और उसे इंदौर ले आए। तब महिला ने कुछ नहीं बताया। अब 15 दिन बाद उसने पूरा खुलासा किया और कहा कि उसे बेच दिया गया था।
