
इंदौर के आजाद नगर में बुधवार रात बजरंग दल ने मुस्लिम युवक की पिटाई कर दी। इस दौरान युवक को बचाने पहुंचे पुलिसकर्मियों से भी उनकी की झड़प हो गई। हालांकि रात में अधिकारी थाने पहुंचे, जहां बजरंग दल की शिकायत पर प्रतिबंधात्मक धाराओं में आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की गई।
बजरंग दल के जिला संयोजक प्रवीण देअकर को सूचना मिली थी कि पवनपुरी इलाके में रहने वाला समीर खान एक हिंदू युवती के साथ यहां रह रहा है। सूचना मिलने के बाद हिंदूवादी कार्यकर्ता पवनपुरी के एक मकान पर पहुंचे। जब उन्होंने मकान मालिक से पूछताछ की तो उसने उन्हें घर के अंदर जाने से रोक दिया।
इसी दौरान मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। जब पुलिस ने समीर को घर से बाहर निकाला, तो बजरंग दल के सदस्यों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह समीर को भीड़ से बचाकर थाने पहुंचाया।
रात में बजरंग दल कार्यकर्ता समीर के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर थाने में हंगामा करते रहे। उसके साथ रहने वाली युवती ने पुलिस में एफआईआर दर्ज कराने से इंकार कर दिया। अधिकारियों से चर्चा के बाद पुलिस ने समीर के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई की है।
बताया जाता है कि दोनों करीब एक साल से साथ रह रहे हैं और उनके परिवारों को भी इस संबंध की जानकारी है।
