
इंदौर। शहर के मल्हारगंज क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक बिल्डर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान अंकित राठौर (पुत्र राजू राठौर), निवासी तेली बाखल के रूप में हुई है।
मामले के पीछे तीन दिन पुराना विवाद सामने आया है। जानकारी के अनुसार, अंकित की आरोपी लालू पंडित से कहासुनी हुई थी, जिसके दौरान अंकित ने उसे थप्पड़ मार दिया था। इसी बात की रंजिश में लालू ने अपने साथी राजू पंडित के साथ मिलकर अंकित पर चाकू से हमला कर दिया।
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल अंकित को लोगों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
10 मिनट में पहुंची पुलिस, आरोपियों की तलाश जारी
सूचना मिलने पर मल्हारगंज पुलिस करीब 10 मिनट में ही मौके पर पहुंच गई और इलाके की घेराबंदी कर दी।टीआई वीरेंद्र कुशवाह ने बताया कि दोनों आरोपी उसी इलाके के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनके संभावित ठिकानों और रिश्तेदारों के घरों पर दबिश दी है। हत्या के पीछे मंदिर से जुड़ा विवाद होने की भी जानकारी सामने आई है, जिसकी जांच की जा रही है।
