
इंदौर के राजेंद्र नगर के भीमनगर में रहने वाले एक बीजेपी कार्यकर्ता की मौत हो गई। वह पिछले 13 दिनों से एमवाय अस्पताल में भर्ती थे। परिवार ने बताया कि 4 अक्टूबर को उनके साथ मारपीट हुई थी। मारपीट पड़ोसी रोशन खराटे ने की थी। इसके बाद वह मौके से भाग गया था।
मृतक का नाम दिलीप तायडे (उम्र 52 साल) है। वह समाज सेवा से जुड़े हुए थे। गुरुवार रात एमवाय अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। दिलीप के भांजे प्रकाश ने बताया कि घटना वाले दिन उनका बेटा पतंग उड़ा रहा था। दिलीप ने बच्चे को समझाया कि पतंग की डोर से किसी को चोट लग सकती है।
हॉकी-डंडा से किया हमला
यह बात पास में बैठे रोशन को बुरी लगी। उसने कहा – तुम्हें इससे क्या लेना? इसी बात पर दोनों में कहासुनी हो गई। थोड़ी देर बाद रोशन घर से हॉकी और डंडा लेकर आया। उसने दिलीप पर अचानक हमला कर दिया। सिर और शरीर पर कई जगह चोटें आईं।
परिवार बोला- सुनवाई नहीं हो रही
घटना के बाद दिलीप को अस्पताल ले जाया गया। इलाज चलता रहा, लेकिन हालत नहीं सुधरी। गुरुवार रात उन्होंने दम तोड़ दिया।
परिवार का आरोप है कि पुलिस ने अब तक आरोपी को नहीं पकड़ा। वे कई बार थाने गए लेकिन सुनवाई नहीं हुई। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाया है। अब आगे की कार्रवाई की बात कही है।
