
इंदौर,
दीपावली पर्व के दृष्टिगत आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्ता युक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके, इस उद्देश्य से आयुक्त खाद्य सुरक्षा मध्य प्रदेश एवं नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन मध्य प्रदेश के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मंगलवार को प्रभावी कार्यवाही की गई।
विभाग को सूचना प्राप्त हुई थी कि पिपलियाहाना चौराहा, सर्विस रोड पर स्थित बाबा ट्रेवल्स, एक्सप्रेस कार्गो पर बसों में जिले से बाहर से खाद्य सामग्री इंदौर में सप्लाई की जा रही है। प्राप्त सूचना के आधार पर विभाग द्वारा सुबह से ही इस परिसर में उपस्थित होकर जांच की गई तथा पाया कि ग्वालियर से आयी शरद ट्रेवल्स की बस में खाद्य पदार्थ मावा भरा हुआ है, जिसकी मात्रा लगभग 640 किलोग्राम होना पायी गई।
इसी परिसर में एक अन्य वीर ट्रैवल्स की बस जो की अहमदाबाद से इंदौर आई थी, इसमें अलग अलग पॉलीबैग में हलवा एवं मिठाई मात्रा 1800 किलोग्राम लगभग एवं घी के लगभग 68 बॉक्स कुल मात्रा 1000 लीटर लगभग के पाये गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के दल द्वारा खाद्य सामग्री के मालिकों की उपस्थिति में घी के कुल 06 नमूने एवं मिठाई के 03 नमूने लिए गए। साथ ही बस से मावे के 2 नमूने लिए गए l घी 1000 लीटर लगभग, मिठाई 1800 किलोग्राम लगभग एवं मावा 638 किलोग्राम लगभग जिसकी कुल कीमत लगभग 12.64 लाख रूपये है, को रिपोर्ट प्राप्ति तक जब्त किया गया ।
सभी लिए गए नमूनों को जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
