
प्लांट पर ही होगी मटेरियल की क्वालिटी जांच, निगम इंजीनियर होंगे नियुक्त
इंदौर। नगर निगम आयुक्त श्री दिलीप कुमार यादव द्वारा शहर की क्षतिग्रस्त सड़कों के सुधार हेतु चल रहे पेचवर्क एवं डामरीकरण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बेटमा के आगे ग्राम धुनेरी, देपालपुर रोड पर स्थित जय बजरंग स्टोन क्रेशर के डामर प्लांट का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने निर्देश दिए कि निगम के अनुबंधित एजेंसियों के प्लांट पर निगम के इंजीनियर नियुक्त किए जाएं, जो प्लांट पर ही मटेरियल की क्वालिटी जांच कर, मानक अनुसार सही पाए जाने पर ही साइड पर मटेरियल भेजें। उन्होंने कहा कि प्लांट स्तर पर निगरानी से पेचवर्क व डामरीकरण की गुणवत्ता 80 प्रतिशत तक बेहतर की जा सकती है।
आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि रॉ मटेरियल में डस्ट न हो, टेंप्रेचर सही रहे, गिट्टी क्वालिटी वाली हो तथा सीव (छलनी) का उपयोग अनिवार्य किया जाए। आगामी टेंडरों में भी इन सभी बिंदुओं को शामिल करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान जय बजरंग स्टोन क्रेशर एजेंसी के मटेरियल की क्वालिटी संतोषजनक नहीं पाए जाने पर आयुक्त ने सैंपल टेस्ट कराए और गुणवत्ता ठीक न होने पर एजेंसी पर पेनल्टी लगाने तथा डस्टयुक्त चूरी का उपयोग न करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर आयुक्त श्री रोहित सिसोनिया, श्री अर्थ जैन, श्री अभय राजनगांवकर एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

