
इंदौर के विजयनगर क्षेत्र के स्कीम नंबर 54 में बुधवार रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने उसके सीने पर चाकू से हमला किया। बताया जाता है कि युवक अपने दोस्त का जन्मदिन होने के कारण वहां शराब पीने पहुंचा था।
विजयनगर पुलिस के मुताबिक, मृतक का नाम पार्थ दीवान (19) है। उसकी चार से पांच बदमाशों ने चाकू मारकर हत्या कर दी।शुरुआती जानकारी के अनुसार, पार्थ अपने दोस्त चिराग की बर्थडे पार्टी में शामिल होने के लिए वाइन शॉप के बाहर बने अवैध अहाते में शराब पीने पहुंचा था।
मामूली विवाद पर कर दिया वार
पार्टी के दौरान बाहर निकलते समय उसकी कुछ युवकों से कहासुनी हो गई। पहले दोनों पक्षों में मामूली विवाद हुआ, लेकिन थोड़ी देर बाद बदमाशों ने मारपीट शुरू कर दी और हथियार से पार्थ पर हमला करने की कोशिश की। वह बचने के लिए भागा, लेकिन करीब 50 मीटर की दूरी पर तीन बदमाशों ने उसे घेर लिया और उस पर चाकू से कई वार कर दिए।
आरोपियों की तलाश जारी
हमले के बाद आरोपी एक्टिवा से फरार हो गए। घायल पार्थ को मौके पर मौजूद लोगों ने नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। देर रात घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
घटना के सीसीटीवी फुटेज सामने आए है। पुलिस के अनुसार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
