
इंदौर,
जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट के मुख्य आतिथ्य में इंदौर जिले के शासकीय महाविद्यालय सांवेर में आज सेवा पखवाड़ा अभियान और पं. दीनदयाल उपाध्याय जयंती के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री सिलावट ने मां सरस्वती एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर किया।
मंत्री सिलावट ने अपने उद्बोधन में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानव दर्शन को भारत के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक चिंतन की महत्वपूर्ण धरोहर बताते हुए कहा कि अंत्योदय के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति को मुख्यधारा में जोड़ा जा सकता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्रनिर्माण में सक्रिय योगदान देकर पं. दीनदयाल जी के सपनों का भारत बनाने में सहभागी बनें। इस अवसर पर स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन योजना एवं सेडमेप द्वारा संपन्न 30 दिवसीय फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी प्रशिक्षण में भाग लेने वाले 38 विद्यार्थियों को मंत्री जी ने प्रमाणपत्र प्रदान किए। इसके अलावा भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ की प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. किशोर एरण्डे ने स्वागत भाषण देते हुए सेवा पखवाड़ा और पं. दीनदयाल उपाध्याय जयंती के महत्व पर प्रकाश डाला।
एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधा रोपण किया
कार्यक्रम के अगले चरण में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत महाविद्यालय परिसर में 50 पौधों का रोपण किया गया। इसके बाद मंत्री जी सहित जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने स्वच्छता अभियान चलाकर महाविद्यालय प्रांगण में सफाई की और स्वच्छ भारत का संदेश दिया। वही मंत्री तुलसीराम सिलावट ने जीएसटी और स्वदेशी अभियान के विषय में व्यापारी बंधुओं से संवाद किया, घटे हुए जीएसटी दरों की जानकारी साझा कर पत्रक वितरित किए। साथ ही सभी से अधिक से अधिक स्वदेशी अपनाने का आग्रह भी किया। सिलावट कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में यह Next Gen GST रिफॉर्म न केवल भारतीय अर्थव्यवस्था को नई गति देगा बल्कि अन्नदाता किसानों, उद्योग जगत और छोटे व्यवसायों को सशक्त बनाकर ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को वास्तविकता में बदलने में भी मदद करेगा। इस अवसर पर सर्वश्री भारत सिंह चौहान, दिलीप चौधरी, सतीश मालवीय, संदीप चंगेड़िया, सुरेसिंह धनखेड़ी, जीतूराज राठौर, तुफान सिंह, दिनेश परमार, आशीष कुमार जैन, जयदीप कानूनगो, रायसिंह डाबी, इंद्रेश चावड़ा, सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
