
इंदौर। केंद्र सरकार द्वारा जीएसटी दरों में की गई हालिया कटौती से कई उत्पादों की कीमतों में कमी आई है, जिससे आम नागरिकों और व्यापारियों दोनों को बड़ी राहत मिली है। सरकार के इस फैसले का सकारात्मक असर 22 सितंबर से बाजारों में दिखना शुरू हो गया है।
बुधवार को जीएसटी संशोधन के प्रभावों पर चर्चा करने के लिए इंदौर विधानसभा-3 के विधायक गोलू शुक्ला ने भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों के साथ शहर के प्रमुख बाजारों का दौरा किया। उन्होंने सियागंज, रानीपुरा और अन्य क्षेत्रों में व्यापारियों की दुकानों पर जाकर उनसे बातचीत की। विधायक ने खासतौर पर किराना व्यापारियों से जीएसटी दर में कमी के बाद आ रहे बदलावों पर चर्चा की।
इस दौरान, उनके साथ मौजूद कार्यकर्ताओं ने बैनर-पोस्टर लिए हुए थे, जिन पर “घटी जीएसटी मिला उपहार, धन्यवाद मोदी सरकार” और “हर घर स्वदेशी, घर घर स्वदेशी” जैसे नारे लिखे थे। भाजपा पदाधिकारियों ने कई दुकानों पर ‘धन्यवाद मोदी सरकार’ के स्टिकर भी लगाए। इस कार्यक्रम में विधायक गोलू शुक्ला के साथ धीरज खंडेलवाल, सचिन बंसल, दीपेंद्र सिंह ठाकुर, रानू अग्रवाल सहित कई व्यापारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।
