
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आयुर्वेद दिवस 23 सितम्बर पर बधाई देते हुए कहा है कि वर्तमान जीवन शैली से उपजी अनेक बीमारियों का इलाज आयुर्वेद में है। मध्यप्रदेश में एलोपैथी चिकित्सा पद्धति के साथ ही आयुष को भी लोकप्रिय बनाया गया है, जिसके अंतर्गत आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति भी शामिल है। प्राचीनकाल से भारत की चिकित्सा प्रणाली रही आयुर्वेद समग्र कल्याण के भाव के साथ प्रयोग में लाई जाती रही है। मध्यप्रदेश सरकार ने नागरिकों को आयुर्वेद चिकित्सा का लाभ दिलवाने के लिए आवश्यक प्रबंध किए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आयुर्वेद चिकित्सा से जुड़े चिकित्सकों और उनके सहयोगियों द्वारा जनकल्याण के लिए दी जा रही सेवाओं की सराहना भी की है।
