14 सितंबर 2025, इंदौर में परिक्रमा कृपा सार का विमोचन करेंगे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत

इंदौर,
नर्मदा खंड सेवा संस्थान, मगरौन जिला दमोह के द्वारा पुस्तक ” परिक्रमा कृपा सार” का विमोचन 14 सितंबर रविवार 2025 को इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में होगा। यह जानकारी मध्य प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास और श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने आज इंदौर में प्रेस वार्ता के माध्यम से दी।
उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि इस पुस्तक का विमोचन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ मोहन भागवत करेंगे।
मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने बताया कि उन्होंने दो बार नर्मदा की पैदल परिक्रमा की है। पहली परिक्रमा परम पूज्य गुरुदेव श्री बाबा श्री जी की सेवा करते हुए सन 1994 से 1996 के दौरान की थी। इस के बाद दूसरी परिक्रमा सपत्नीक और सहयोगियों के साथ 2005 में पूर्ण की थी।
पुस्तक के बारे में बताते हुए प्रहलाद सिंह पटेल ने कहा कि 30 वर्ष पूर्व प्रथम नर्मदा परिक्रमा के दौरान एवं जबलपुर में परम पूज्य गुरुदेव श्री बाब श्री जी के चातुर्मास में लिखे गए समसामयिक लेख का संग्रह है। 30 वर्ष तक पुस्तक को छपने इसलिए नहीं दिया क्योंकि मेरा भाव था कि नर्मदा को बेचना नहीं है। लेकिन जब 65 वर्ष की आयु मेरी हुई तब मेरे सहयोगी मित्रों ने इस पुस्तक के प्रकाशन का निर्णय किया, जिसके कारण यह पुस्तक के रूप में आप सभी के सामने प्रस्तुत होगी। इस विलक्षण अवसर पर मेरा सौभाग्य और मां नर्मदा की कृपा है कि 14 सितंबर को हिंदी दिवस और इंदौर की धरती पर इस परिक्रमा कृपा सार के विमोचन का अवसर मिला तो मैं इसे मां नर्मदा का आशीर्वाद ही मानता हूं।
मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल ने बताया कि पिछले साल जब मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव जी द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान को प्रारंभ करने बात कही थी, तब मेरे मन में विचार आया कि मैं इस अभियान में क्या भूमिका निभा सकता हूं। क्योंकि मैं भारत सरकार में देश का जल शक्ति मंत्री रहा हूं, तब मेरे मन में भाव आया कि मध्यप्रदेश को नदियों का मायका कहा गया है, फिर मैंने रायसेन के ग्राम झिरी से बेतवा नदी के उद्गम से इस अभियान की शुरुआत माननीय मुख्यमंत्री जी के साथ हुईं। अब तक मैं प्रत्यक्ष रूप में 106 नदियों के उद्गम स्थल पर पहुंच चुका हूं। विमोचन के अवसर पर मध्य प्रदेश की नदियों के 108 उद्गम स्थलों के पवित्र जल का संग्रह मेरे पास उपलब्ध है। इस पवित्र अभियान में नर्मदा खंड सेवा संस्थान के अध्यक्ष श्री नरेंद्र बजाज, कोषाध्यक्ष डॉ सुशील गुप्ता और सचिव गजेंद्र आचार्य सहित अन्य पदाधिकारियों ने इस पुस्तक के विमोचन पर विशेष सहयोग किया है।
