
इंदौर के जीएसआईटीएस कॉलेज में बीई की पढ़ाई कर रहे एक छात्र ने बुधवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्र बुधवार सुबह से ही कमरे से बाहर नहीं आया था। दोपहर में रूममेट ने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। शाम तक कोई हलचल नहीं होने पर अन्य छात्रों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया, जिसके बाद छात्र का शव फंदे पर लटका हुआ मिला।
तुकोगंज पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अमन (20) पुत्र दिलीप वर्मा के रूप में हुई है। वह वल्लभ नगर स्थित श्रीजी हॉस्टल में रह रहा था और हाल ही में जीएसआईटीएस कॉलेज में एडमिशन लिया था। अमन मूल रूप से अनूपपुर जिले का रहने वाला था और इंदौर में उसके मामा आलोक वर्मा रहते हैं, जो एक बैंक में कार्यरत हैं।
दिनभर गेट नहीं खोला तो शाम को तोड़ा
हॉस्टल कर्मचारियों ने बताया कि सुबह 9 बजे सफाईकर्मी रोजाना की तरह कमरों की सफाई के लिए आया था, लेकिन अमन ने दरवाजा नहीं खोला। दोपहर करीब 1 बजे अमन का दोस्त अक्षय पाटिल कॉलेज से लौटा, लेकिन दरवाजा नहीं खुलने पर वह ऊपर अपने अन्य दोस्तों के कमरे में चला गया।
शाम 7 बजे जब वह वापस नीचे आया और देखा कि दरवाजा अब भी बंद है, तो उसने हॉस्टल वार्डन को सूचना दी। अन्य छात्रों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया, जहां अमन फंदे पर लटका हुआ मिला। इसके बाद रात में पुलिस को सूचना दी गई। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेजा गया।
आत्महत्या के कारणों की जानकारी नहीं मिली
जानकारी के अनुसार, अमन ने इसी साल जीएसआईटीएस कॉलेज में बीई फर्स्ट ईयर में एडमिशन लिया था और वह 21 अगस्त को हॉस्टल में रहने आया था। अभी तक आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
