
देवी अहिल्या विश्व विद्यालय सभागृह में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मेयर के बेटे संघमित्र भार्गव ने केंद्र सरकार को घेरते हुए नाकमयाबी गिनाई थी। वे कार्यक्रम में वाद-विवाद प्रतियोगिता के विजेता के तौर पर शामिल हुए थे। जिस समय संघमित्र केंद्र सरकार की नाकामयाबी गिना रहे थे उस समय मंच पर सीएम डॉ. मोहन यादव, मेयर पुष्यमित्र भार्गव भी उपस्थित थे।
इंदौर महापौर पुत्र के भाषण के बाद गरमाई राजनीति
दिग्विजय सिंह ने कहा- युवा ने प्रभावशाली भाषण दिया
कैलाश विजयवर्गीय बोले- महापौर के पुत्र हैं इसलिए हुए ट्रोल
इंदौर। देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता में इंदौर महापौर (Indore Mayor Son) पुष्यमित्र भार्गव के पुत्र संघमित्र भार्गव द्वारा दिए भाषण के बाद राजनीति गर्मा गई है। कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने इसकी तारीफ करते हुए कहा कि युवा ने प्रभावशाली भाषण दिया है। शुक्रवार दिनभर सोशळ मीडिया पर संघमित्र के भाषण को लेकर मैसेज चलते रहे। कांग्रेस नेता इसे केंद्र शासन के दावों की वास्तविकता बता रहे हैं तो भाजपा नेता वाद-विवाद प्रतियोगिता को राजनीति का अखाड़ा बनाने का आरोप लगा रहे हैं।
भाषण के बाद गरमाई राजनीति
केबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर कहा कि संघमित्र को सिर्फ इसलिए ट्रोल किया जा रहा है क्योंकि वे महापौर के पुत्र हैं। वाद-विवाद प्रतियोगिता का मूल यही है कि कुछ प्रतिभागी पक्ष रखते हैं और कुछ विपक्ष। संघमित्र ने विपक्ष की भूमिका निभाते हुए अपनी वाककला का परिचय दिया। विजयवर्गीय ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कितना खेदजनक है कि राजनीति इतनी नीचे गिर जाए कि बच्चों की मासूम प्रतिभा भी उसकी भेंट चढ़ जाए। प्रदेश की राजनीति का इस स्तर तक गिरना वास्तव में चिंताजनक है।
यह है मामला
गुरुवार को देवी अहिल्या विश्व विद्यालय सभागृह में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में महापौर पुष्यमित्र भार्गव के बेटे संघमित्र भार्गव ने केंद्र सरकार को घेरते हुए केंद्र की नाकमयाबी गिनाई थी। वे कार्यक्रम में वाद-विवाद प्रतियोगिता के विजेता के बतौर शामिल हुए थे। जिस समय संघमित्र केंद्र सरकार की नाकामयाबी गिना रहे थे उस समय मंच पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, महापौर पुष्यमित्र भार्गव भी उपस्थित थे।
*केंद्र सरकार पर दागे थे कई सवाल
संघमित्र ने केंद्र सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कई सवाल दागे। उन्होंने कहा था कि सरकार ने बुलेट ट्रेन का सपना दिखाते हुए कहा था कि वर्ष 2022 तक अहमदाबाद से मुंबई के बीच बुलेट ट्रेन चलेगी। बुलेट ट्रेन तो नहीं चली लेकिन वादाखिलाफ की रफ्तार जरूर बढ़ गई। पिछले 10 वर्ष में 20 हजार लोग ट्रेन हादसों में जान गवा चुके हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंच से ही संघमित्र की प्रशंसा करते हुए कहा था कि उनके भाषण में बताए कुछ आंकड़ों में सुधार की आवश्यकता है।
