सिंगापुर टाउनशिप रेलवे अंडर ब्रिज का निर्माण कार्य त्वरित गति से कराये जाने के दिये निर्देश

नगर निगम के अधिकारी शीघ्र करें गड्डे भराव और स्ट्रीट लाईट लगाये और ब्रिज के नीचे जमा पानी की तत्काल निकासी भी करायें
इंदौर 23 अगस्त 2025
जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने आज नगर निगम आयुक्त श्री शिवम वर्मा, एडीएम श्री रोशन राय, रेलवे अधिकारी श्री पी.सी.शेखर, एसडीएम श्री घनश्याम धनगर, कार्यपालन यंत्री पीडब्ल्यूडी श्री जयदेव गौतम, ब्रिज शाखा की सुश्री गुरनीत कौर भाटिया, निगम इंजीनियर श्री एल.आर.लोधी, श्री जी.एस.सोलंकी और लसुड़िया थाना प्रभारी श्री तारेश सोनी, तहसीलदार श्रीमती प्रीति भीसे सहित अन्य अधिकारियों के साथ सिंगापुर टाउनशिप रेलवे अंडर ब्रिज के निर्माण कार्य एवं बारिश के कारण जल भराव की समस्या के स्थाई हल के लिए आज मौका निरीक्षण किया।
मंत्री श्री सिलावट ने बताया कि सिंगापुर टाउनशिप स्थित रेलवे अंडर ब्रिज के निर्माण कार्य एवं बारिश के कारण जल भराव की समस्या के स्थाई हल के लिए आज समस्त विभागों के अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मौके पर मंत्री श्री सिलावट ने रतलाम रेलवे के अधिकारी श्री महेन्द्र जाटव से दूरभाष पर चर्चा कर उक्त रेलवे अंडरब्रिज का निर्माण कार्य को आगामी दो माह में त्वरित गति से कार्य पूर्ण किये जाने के निर्देश दिये एवं जल भराव की समस्या होने पर तुरंत तीन बडे मोटर पंप से तत्काल पानी निकासी किये जाने के निर्देश दिये। इस दौरान उन्होने नगर निगम आयुक्त श्री शिवम वर्मा को सिंगापुर टाउनशिप जंक्शन से रेलवे अंडर ब्रिज पर 400 मीटर नवीन 60 फीट चौडी सड़क का निर्माण करने एवं स्ट्रीट लाईट, हेलोजन एवं सड़क में मौजूद गड्डे को भराव करने के साथ ही सिंगापुर टाउनशिप की नाली को पॉकलेन मशीन से साफ कर उसका पूरा पानी समीप के नाले में निकाले जाने के साथ सड़क का पेंचवर्क करने के निर्देश दिये।
मंत्री श्री सिलावट ने लोक निर्माण विभाग और नगर निगम को सिंगापुर टाउनशिप रेलवे अंडर ब्रिज के समीप के नाले को गहरा कर सफाई कराये जाने के निर्देश भी दिये । साथ ही नगर निगम,रेलवे और लोक निर्माण विभाग को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिये। थाना प्रभारी लसुडिया श्री तारेश सोनी को रेलवे अंडर ब्रिज के पास रास्ता जाम की स्थिति उत्पन्न न हो इसके लिए आवश्यक पुलिस जवान तैनात करने के निर्देश दिये।
इस अवसर पर पार्षद श्री राकेश सोलंकी, ढाबली सरपंच श्रीमती अंतिमबाला यादव, श्री जीतेन्द्र डोडिया, सरपंच केलोदहाला, श्री पप्पु शर्मा, श्री बबलू यादव, श्री कैलाश चौहान, झोन प्रभारी आनंद रैदास भी मौजूद थे।
