
प्रशासन ने मंगलवार-बुधवार की रात शहर स्थित इमामबाड़े को अपने कब्जे में लेकर पीडब्ल्यूडी विभाग को सौंप दिया। इसके बाद से शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। गुरुवार को पूरे शहर में पुलिस बल तैनात रहा। चौराहों से लेकर गलियों तक जवानों की मौजूदगी रही।
शुक्रवार को जुम्मे की नमाज के दौरान शांति बनी रहे, इसके लिए प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। शहर को चार सेक्टर में बांटा गया है। 700 पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। इमामबाड़े के पास भी भारी पुलिस बल मौजूद है। शहर के सभी मोहल्लों पर इंटेलिजेंस टीम नजर रखे हुए है।
सोशल मीडिया पर भी निगरानी की जा रही है। गुरुवार को दोनों समुदायों के प्रमुख लोगों से चर्चा कर शांति बनाए रखने की अपील की गई। पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश का पालन कराने के बाद कुछ लोग शहर का माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे थे। गुरुवार शाम पुलिस ने फ्लैग मार्च भी निकाला।
