
इंदौर में बेकाबू हुई एक कॉलेज की बस ने बाइक सवार युवक और दो छात्राओं समेत ऑटो और कार को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक और एक छात्रा की मौत हो गई।
ये घटना बुधवार शाम करीब 4.30 बजे शहर के अंतिम चौराहे पर हुई। हादसे में वहीं एक अन्य छात्रा और ऑटो ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए क्लॉथ मार्केट अस्पताल ले जाया गया।
मल्हारगंज पुलिस के मुताबिक, घटना अंतिम चौराहे की है। यहां 33 वर्षीय एकांश पांड्या बाइक से जा रहे थे, तभी निजी कॉलेज बस ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि एकांश की मौके पर ही मौत हो गई। बस ने आगे बढ़ते हुए घर जा रही दो छात्राओं को भी अपनी चपेट में ले लिया। इनमें से एक 12वीं क्लास की छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल है।
इसके बाद बस ने एक ऑटो रिक्शा और एक कार को भी टक्कर मारी। हादसे में ऑटो ड्राइवर भी गंभीर रूप से घायल हो गया है।
तेज रफ्तार थी बस
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बस मेडीकेप्स कॉलेज की थी। घटना के वक्त बस की रफ्तार भी तेज थी। हादसे के बाद लोगों ने बस को मौके पर रोक लिया और पुलिस को सूचना दी। बस को जब्त कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि सभी मृतकों और घायलों की पहचान की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
