
इंदौर-धार रोड पर सोमवार दोपहर एक हादसे में गर्भवती महिला और उसके गर्भ में बच्चे की मौत हो गई। बताया जाता है कि वह अपने जीजा के साथ इंदौर में पिता के घर राखी पर आ रही थी। रास्ते में अचानक बाइक के सामने गाय आ गई। जिसमें महिला हादसे का शिकार हो गई। जीजा भी हादसे में घायल हुआ है। उसे उपचार के लिए एमवाय में भर्ती कराया है।
बेटमा पुलिस के मुताबिक घटना ग्राम माचल के यहां की है। सोमवार करीब 4 बजे के लगभग 23 वर्षीय बिंदू पति प्रभू निवासी काली बिल्लोद बेटमा और उसका जीजा सोनू पुत्र मुन्ना हादसे का शिकार हो गए। दोनों बाइक से जवाहर टेकरी स्थित बिंदू के मायके आ रहे थे।
रास्ते में अचानक बाइक के सामने गाय आ गई। उसे बचाने में बाइक स्लिप हो गई। बिंदू सड़क पर जा गिरी। जिसमें सिर पर गंभीर चोट आई बिंदू और जीजा सोनू को जिला अस्पताल लेकर आया गया। यहां डॉक्टरों ने बिंदू को मृत घोषित कर दिया। वहीं, सोनू को एमवाय भेजा है।
9 माह से गर्भवती थी महिला
पिता ने बताया कि बिंदू की दो लड़कियां हैं। वहीं, उसकी तीसरी डिलीवरी की तैयारी थी। उसे 9वां महीना चल रहा था।
हादसे में बिंदू के साथ उसके बच्चे की भी मौत हो गई है। बिंदू के परिवार के लोग जवाहर टेकरी में रहते हैं। सभी मजदूरी के काम से जुडे़ हुए हैं। पुलिस हादसे को लेकर जांच कर रही है।
