
इंदौर के बाणगंगा इलाके में एक महिला और उसके डेढ़ साल के बच्चे का शव बुधवार शाम झाड़ियों में पड़ा मिला। गुरुवार को दोनों का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, प्रारंभिक तौर पर हत्या की बात सामने आ रही है। इसे लेकर जांच की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, मामले में गुमशुदगी दर्ज कराने वाले व्यक्ति पर ही पुलिस ने शंका जाहिर की है।
एडिशनल डीसीपी रामस्नेही मिश्रा के मुताबिक, बुधवार शाम को सूचना मिली थी कि रेलवे ट्रैक के पास झाड़ियों में दो शव पड़े हैं। इनमें एक 25 साल की महिला का, वहीं दूसरा करीब डेढ़ साल के बच्चे का है। मौके पर एफएसएल की टीम को बुलाया गया। जांच के दौरान हत्या की बात सामने आई है। महिला की शिनाख्त रानी पाल के रूप में हुई है, जो बाणगंगा इलाके की रहने वाली है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने अभी महिला की शिनाख्त की पुष्टि करने से इनकार किया है।
गुमशुदगी दर्ज कराने वाले पर शक
रानी पाल की हत्या को लेकर अभी अफसर कुछ कहने से बच रहे हैं। बाणगंगा थाने की टीमें इस पूरे मामले की कड़ी जोड़ने में लगी हुई है। पुलिस ने इस मामले में गुमशुदगी दर्ज कराने वाले व्यक्ति को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि, एडिशनल डीसीपी ने पूरे मामले से जल्द पर्दा उठाने की बात कही है।
