
इंदौर के मूसाखेड़ी क्षेत्र में मंगलवार रात जीशान पठान एक किराए के कमरे में युवती को एमडी ड्रग्स का नशा करा रहा था। यह बात हिंदूवादी संगठन के नेता मानसिंह परमार और लक्की बाहुबली को पता चली और वे कमरे पर पहुंच गए। पूछताछ में युवक ने पहले अपना नाम अभिषेक ठाकुर बताया।
कार्यकर्ताओं को उसके मोबाइल में कई लड़कियों के नंबर, चैटिंग, फोटो, वीडियो मिले हैं। जबकि मकान मालिक के मोबाइल में कुख्यात गैंगस्टर सलमान लाला के फोटो व वीडियो मिले हैं। साथ ही जेल में बंद कैदियों को रुपए भेजने के प्रमाण भी मिले हैं। आजाद नगर पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया है।
युवक अपने आप को अभिषेक ठाकुर ही बता रहा था पर कार्यकर्ताओं ने पिटाई की, तो उसने अपनी वास्तविक पहचान बताई। उसने बताया कि युवती पांच साल से दोस्त है और वह अक्सर साथ में नशा करते हैं। वह युवती से कई बार नशे की हालत में दुष्कर्म कर चुका है। उसके पिता का नाम सादिक पठान है और वह जूना रिसाला सदर बाजार का रहने वाला है।
जेल प्रहरी के माध्यम से कैदियों को रुपए भेजने के प्रमाण मिले
मकान मालिक महिला के मोबाइल की जांच में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। उसके मोबाइल में गैंगस्टर सलमान लाला से जुड़े फोटो और वीडियो मिले। इसके साथ ही जेल से भेजी गईं कई चिट्ठियां और जेल प्रहरी के माध्यम से कैदियों को रुपए भेजने की जानकारी भी मिली।
बताया जा रहा है कि जेल प्रहरी द्वारा अपनी पत्नी के गूगल अकाउंट के माध्यम से रुपए ट्रांसफर कराए जा रहे थे, जिसके स्क्रीनशॉट भी मोबाइल में मौजूद थे। हिंदूवादी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि इस नेटवर्क के जरिए जेलों में नशा भी पहुंचाया जा रहा है।
आजाद नगर पुलिस कर रही पूछताछ
आजाद नगर पुलिस ने जीशान को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामला गैंगस्टर और जेल प्रहरी के माध्यम से कैदियों को पैसे पहुंचाने से जुड़ा है। इसलिए पुलिस ने इसे गंभीरता से लिया है और हर संभावित एंगल पर जांच की जा रही है। यह देखा जा रहा है कि इस नेटवर्क से कौन-कौन जुड़ा है।
