
इंदौर। नशे के विरुद्ध एक अनूठी और प्रेरणादायक पहल की गई है भागीरथपुरा चौकी प्रभारी कमल किशोर के नेतृत्व में। क्षेत्र में नशे से दूर रहने के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए मैराथन दौड़ का आयोजन किया जा रहा है। इस दौड़ में स्कूली बच्चे, क्षेत्रीय रहवासी, समाजसेवी, अधिवक्ता और पत्रकार बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
मैराथन दौड़ भागीरथपुरा से शुरू होकर क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से होते हुए चौकी पर समाप्त होगी। दौड़ का उद्देश्य है नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जनजागरूकता फैलाना और खासकर युवाओं को सही दिशा में प्रेरित करना। दौड़ के समापन पर नशे से प्रभावित परिवारों, नशा छोड़ चुके युवाओं और स्कूली बच्चों के साथ एक बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें उनके अनुभव साझा किए जाएंगे। इसके साथ ही विजेताओं को पुरस्कार वितरण किया जाएगा। इस आयोजन में शहर के कई वरिष्ठ समाजसेवी, अधिवक्ता, पत्रकार और सामाजिक संगठन शामिल होकर इस मुहिम को मजबूती देंगे। यह प्रयास समाज में नशे के खिलाफ एक सशक्त संदेश देने की दिशा में अहम कदम साबित होगा।
