
इंदौर की चोइथराम फूल मंडी में शुक्रवार शाम एक सब्जी विक्रेता की डंडे और रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। तीन से चार हमलावरों ने मंडी के अंदर ही उस पर हमला किया और मौके से फरार हो गए।
राजेंद्र नगर पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान विष्णु उर्फ चंपू पंवार (पुत्र अमन पंवार, निवासी गड़बड़ी पुलिया) के रूप में हुई है। वह मंडी में सब्जी बेचने का काम करता था। शाम के समय उसके ऊपर अचानक कुछ बदमाशों ने डंडे और रॉड से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल विष्णु को पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस मामले में स्क्रैप का काम करने वाले व्यापारी गुरु (पुत्र विजय) ने दो आरोपियों की पहचान की है। उसने बताया कि घटना के वक्त दो युवक चंपू को मारकर भागते हुए देखे गए थे। चंपू मंडी में हम्माली का काम भी करता था और घायल हालत में उसे सबसे पहले वही उठाकर अस्पताल ले गया।
मृतक के पिता ने बताया कि उनका बेटा रोज की तरह सुबह काम पर गया था। मारने वाले मंडी में काम करने वाले ही लड़के हैं, जिन्हें चंपू पहचानता था। उसका एक और बेटा भी मंडी में काम करता है, लेकिन घटना के समय वह वहां मौजूद नहीं था।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है। टीआई नीरज बिरथरे के मुताबिक मृतक चंपू उर्फ विष्णु का आपराधिक रिकॉर्ड है और वह पूर्व में जिला बदर भी रह चुका है। शुक्रवार को घटना से पहले वह एक फल विक्रेता से झगड़ रहा था और अन्य सब्जी विक्रेताओं को भी परेशान कर रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ठेला हटाने को लेकर विवाद हुआ था, संभवतः उसी बात को लेकर हमला किया गया।
मृतक मंडी में ब्याज पर पैसे भी चलाता था। फिलहाल दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और जांच जारी है
