
पुलिस के साथ लगातार मारपीट व विवाद की घटनाएं हो रही हैं। ताजा मामला एरोड्रम क्षेत्र का है। यहां पुलिस कंट्रोल रूम में पदस्थ एसीपी रेडियो की गाड़ी एक लोडिंग रिक्शा वाले की बाइक से टकरा गई तो उसने जमकर हुज्जत की। इतना ही नहीं, पत्थर उठाकर एसीपी की गाड़ी का कांच फोड़ना चाहा।
घटना पंचवटी कॉलोनी में हुई। पुलिस कंट्रोल रूम में पदस्थ एसीपी रेडियो सुभाष सिंह ने बताया कि इलाके में रहने वाला धर्मेंद्र यादव लोडिंग गाड़ी चलाता है। वह गाड़ियां गली के मुख्य मार्ग पर ही खड़ी कर देता है।
अपनी बाइक भी सड़क पर आड़ी-तिरछी खड़ी कर देता है, जिससे गली से निकलने वालों को दिक्कत होती है। रविवार को जब मैं गली से निकला तो जिप्सी के पिछले हिस्से से उसकी बाइक को टक्कर लग गई। उसे समझाया कि बीच रोड पर गाड़ियां खड़ी मत किया करो। इस पर वह और उसके साथी विवाद करने लगे। उन्होंने मेरी सरकारी जिप्सी का कांच फोड़ने के लिए पत्थर उठाया।
कमिश्नरी सिस्टम में पुलिस पर हुए हमले
24 मई की रात कनाड़िया बायपास पर डायल-100 के सिपाही प्रदीप कश्यप और ड्राइवर पर दो चोरों ने चाकू से हमला किया।
6 मई को राजमोहल्ला में लड़ रहे दो युवकोंे को सिपाही नेपाल यादव ने रोका, युवकोें ने सरेआम उसे पीट दिया।
14 अप्रैल को बंगाली चौराहे पर चेकिंग के दौरान एसआई ब्रजराज और सिपाही विकास को कार सवारों ने जमकर पीटा।

