
- इंडो फ्रेंड्स फाउंडेशन ट्रस्ट घोटाला : फर्जी नियुक्ति कर शिक्षण संस्थान से वेतन लेने का आरोप।
- आरोप है कि आरोपितों ने अपनों को उच्च पदों पर पदस्थ कर करोड़ों रुपये का गबन किया।
- स्वयं की बसों को भी ट्रस्ट के संस्थानों में अटैच कर जमकर मुनाफा कमाया।
- शिकायत के बाद ईओडब्ल्यू ने जांच की और तीनों पदाधिकारियों के खिलाफ केस दर्ज किया।
इंदौर। इंडो फ्रेंड्स फाउंडेशन ट्रस्ट घोटाले में आर्थिक अपराध ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) ने डा. रमेश बदलानी, डा. आरएस माखीजा और सतविंदरसिंह माखीजा के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। आरोपितों पर फर्जी नियुक्ति से वेतन प्राप्त करने और आर्थिक गड़बड़ी करने का आरोप है।
डीएसपी (ईओडब्ल्यू) पवन सिंघल के मुताबिक ट्रस्ट द्वारा महाराजा रणजीतसिंह कालेज आफ प्रोफेशनल साइंसेस खंडवा रोड़ का गठन किया गया था। इस ट्रस्ट का मुख्य उद्देश्य समाज सेवा और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की मदद, शिक्षित एंव मुफ्त उपचार करना था। ट्रस्ट के अंतर्गत महाराजा रणजीतसिंह कालेज आफ प्रोफेशनल साइंसेस, गुरु हरकिशनसिंह पब्लिक स्कूल संचालित किए जा रहे हैं। ट्रस्ट के अध्यक्ष डा. रमेश बदलानी, मैनेजिंग ट्रस्टी आरएस माखीजा और सीईओ सतविंदरसिंह माखीजा हैं।
अपनों को उच्च पदों पर बैठाकर करोड़ों रुपयों का किया गबन
आरोप है कि आरोपितों ने अपने तीन संस्थान माता गुजरी गर्ल्स कालेज, किड्स वर्ल्ड इंटरनेशनल स्कूल, माता गुजरी गर्ल्स स्कूल के माध्यम से अपने परिवार के सदस्य हरशरण कौर माखीजा, सतविंदर, रमणदीप को उच्च पदों पर पदस्थ कर करोड़ों रुपयों का गबन किया। माखीजा ने स्वयं की बसों को कालेज में अटैच कर मुनाफा कमाया। डीएसपी के मुताबिक सतविंदर सिंह माखीजा द्वारा एमबीए, एमसीए, एमएससी के तीनों कोर्स का वेतन लिया। उसने गुरु हरकिशन पब्लिक स्कूल से अलग अवैध वेतन लिया। उसने 10 अप्रैल 2018 से 10 अप्रैल 2022 तक एक करोड़ 13 लाख 7 हजार 272 रुपये प्राप्त कर लिए।
शिकायत के बाद ईओडब्ल्यू ने जांच की
माखीजा ने अपनी पुत्री गुरुविंदर कौर मल्होत्रा को भी प्लेसमेंट अधिकारी बनाकर 21 लाख 58 हजार रुपये का वेतन दिया। गुरुविंदर दिल्ली में रहती है। माखीजा ने पत्नी हरशरण कौर को गुरु हरकिशन सिंह स्कूल में शिक्षक के रूप में नियुक्त करवाकर 19 लाख 14 हजार 725 वेतन जारी कर दिया। कुछ कर्मचारियों को अकाउंट में छह महीने का दो बार वेतन देना दर्शा दिया। शिकायत के बाद ईओडब्ल्यू ने जांच की और तीनों पदाधिकारियों पर केस दर्ज कर लिया।

