
इंदौर के खजराना थाना क्षेत्र की घटना, नौकरी लगने पर छह माह पहले ही गोरखपुर से इंदौर आई थी युवती।
इंदौर। खजराना क्षेत्र में गुरुवार सुबह साढ़े सात बजे एक फ्लैट में घरेलू गैस का सिलिंडर फट गया। इससे एक युवती झुलस गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। बताया जा रहा है कि युवती सुबह चाय बना रही थी, तभी यह घटना हुई। धमाके की आवाज सुनकर पड़ोसी पहुंचे।
खजराना पुलिस के मुताबिक, घटना सांई कृपा कालोनी की है। यहां रहने वाली साक्षी मिश्रा (24) निवासी गोरखपुर घायल हो गई है। उसके स्वजन को सूचित कर दिया गया है। बता दें कि साक्षी छह माह पहले ही इंदौर आई थी। वह यहां निजी कंपनी में नौकरी करती है। रहवासियों ने बताया कि धमाके की आवाज काफी तेज थी। पूरे घर का सामान अस्त-व्यस्त हो गया। जब आवाज सुनकर साक्षी के कमरे की तरफ पहुंचे तो वह घायल पड़ी थी। धमाके की आवाज से मोहल्ले से लोग घबरा गए थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
