
दूसरी मंजिल से चौथी मंजिल पर कार ले जा रही थी लिफ्ट। तार टूटने से हुआ हादसा। घायल अस्पताल में भर्ती।
इंदौर। संयोगितागंज थाना क्षेत्र स्थित रुक्मणी मोटर्स शोरूम में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां काम करने वाले अकरम पुत्र मोहम्मद जिलानी (53) निवासी मोती तबेला के ऊपर चौथी मंजिल से वाहन लाने ले जाने वाली लिफ्ट टूटकर गिर पड़ी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जैसी ही आसपास के साथी कर्मचारियों ने देखा तो उसे निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
मामले में स्वजन ने थाने पर इसकी शिकायत की है। बताया जा रहा है कि लिफ्ट दूसरी मंजिल से कार लेकर ऊपरी मंजिल पर जा रही थी और अकरम नीचे खड़ा हुआ था। तभी अचानक लिफ्ट का तार टूटा और लिफ्ट अकरम के ऊपर आ गई।
स्वजन ने लापरवाही का लगाया आरोप
स्वजन शाहनवाज ने बताया कि हमारे पास घटना के बाद फोन आया और हम सीधे अस्पताल आए। उन्होंने आरोप भी लगाया कि कंपनी की तरफ से कोई भी जिम्मेदार व्यक्ति हाल-चाल पूछने नहीं आया है। साथ ही उन्होंने जांच करने की मांग भी की है। पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है। अकरम यहां ड्राइवर था।
