
मध्यप्रदेश में भाजपा को प्रचंड बहुमत मिलने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? पार्टी में इसी को लेकर विचार मंथन का दौर जारी है। भोपाल से लेकर दिल्ली तक हलचल तेज है। भाजपा के सभी केंद्रीय पदाधिकारी और मंत्री दिल्ली में हैं।
संसद का शीतकालीन सत्र भी चल रहा है। मंगलवार 5 दिसंबर को प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह सांसदों के साथ बैठक करेंगे। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि इस बैठक में नई सरकार के गठन और CM चेहरे पर भी चर्चा हो सकती है।
नरसिंहपुर से विधायक चुने गए केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल ने मंगलवार सुबह नई दिल्ली में अपने आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा, ‘मोदी की गारंटी गरीब कल्याण को पूरा करने की गांरटी है। जो लोग आलोचना में विश्वास करते हैं, नकारात्मक राजनीति करते हैं, मैं उनको चुनौती देता हूं कि आपकी गरीब कल्याण की बातें आश्वासन थीं और मोदी की गरीब कल्याण की बातें गारंटी हैं। मैं विरोधियों से कहूंगा कि इस पर चर्चा करें।’
3 राज्यों के चुनाव भाजपा ने जीते हैं। एक बार फिर दिग्विजय ने EVM पर सवाल उठाए हैं? इस पर प्रह्लाद पटेल ने कहा, मैं यही कहना चाहूंगा कि उम्र ज्यादा है तो पढ़ना-लिखना बंद कर दिया। उनको बताना पड़ेगा कि गरीब के पास शौचालय, पानी, गैस, प्रधानमंत्री आवास पहुंचा है। EVM की जगह वे गरीब कल्याण पर चर्चा करें।
इससे पहले उन्होंने दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह और अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की।

