
रामनगर। चित्रकूट तुलसी पीठाधीश्वर संत रामभद्राचार्य जी ने कहा कि वर्ष 2024 में नरेन्द्र मोदी फिर से देश के प्रधानमंत्री बनेंगे मोदी जी के अगली बार प्रधानमंत्री बनने के बाद श्रीराम चरित मानस को राष्ट्रीय ग्रंथ घोषित होगा। उपरोक्त बातें संत रामभद्राचार्य ने शहर के अर्जुन विक्रम शाह स्टेडियम में आयोजित राम कथा में शुक्रवार को कहीं। उन्होंने कहा कि राम चरित मानस की निंदा पर हम चुप नहीं बैठेंगे। पाक अधिकृत काश्मीर पर बोलते हुए संत रामभद्राचार्य ने कहा कि वह हमारा अंग है। हम उसको लेकर रहेंगे आज हम सर्जिकल स्ट्राइक करना भी जानते हैं। डेमोक्रेसी में सभी को अपनी बात कहने का हक है। उन्होंने कहा की सनातन धर्म पर हमला हुआ तो हम चुप नही रहेंगे
मारीच वध का किया वर्णनः
नौ दिवसीय श्रीराम कथा ज्ञान महायज के पांचवें दिन रामभद्राचार्य ने मारीच वध का वर्णन किया। आचार्य रामचंद्र दास, आचार्य हिमांशु त्रिपाठी, विशंभर दास, मिथिलेश जी, रामवीर जी, संतोष समेत समस्त राघव परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। यज्ञ के पांचवे दिन के यजमान नगर परिषद की सभापति गीता देवी व उनके पति नागेंद्र साह, उप सभापति श्वेता कुमारी और उनके पति सुजल सिंह, और आनन्द शर्मा संयुक्त रूप से रहे। आरती के साथ कथा का समापन हुआ। संयोजन आचार्य हिमांशु त्रिपाठी ने व संचालन आयोजन समिति के अध्यक्ष पंकज झुनझुनवाला ने किया। कथा शुरू होने के मौके पर आयोजन समिति के संयोजक मधुकर राय ने पटना के गांधी मैदान में दो दिसंबर से प्रस्तावित कथा की अनुमति नहीं देने के निर्णय पर सवाल उठाए। जगतगुरु ने कहा कि धर्म का अर्थ है कर्तव्य, जहां धर्म होगा, वहां विजय होकर रहेगी। कोई भी ताकत साबित कर दे कि रामचरित मानस का कोई भी अंश राष्ट्र विरोधी है।
