
मेक्सिको के दक्षिणी राज्य ओक्साका में शुक्रवार को एक बस पलट गई। इस हादसे में 3 बच्चों और 2 महिलाओं समेत 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि 29 लोग घायल हो गए। CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, मरने वालों में ज्यादातर प्रवासी शामिल हैं। ये लोग वेनेजुएला और हैती के रहने वाले हैं।
ओक्साका राज्य नागरिक सुरक्षा एजेंसी ने हादसे की तस्वीरें शेयर कीं। उनके मुताबिक, यह हादसा ओक्साका-कुएकनोपालन नेशनल हाईवे पर हुआ। पहाड़ी इलाके में बस मोड़ पर पलट गई। बस में कुल 55 लोग सवार थे। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे की 3 तस्वीरें…



मेक्सिको से छिपकर अमेरिका आते हैं प्रवासी
यह दुर्घटना अमेरिका-मेक्सिको सीमा पर प्रवासियों के बड़ी संख्या में पहुंचने के बीच हुई है। प्रवासी बस, ट्रक और मालगाड़ी में छिपकर मेक्सिको पार करने की कोशिश करते हैं। यह यात्रा अक्सर खतरनाक होती है। हालांकि, ये प्रवासी ऐसा कर रहे थे या नहीं, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
दो महीने पहले हुए बस हादसे में 6 भारतीयों समेत 18 की मौत हुई
मेक्सिको में 3 अगस्त की देर रात एक बस हाईवे से नीचे खाई में गिर गई थी। इस हादसे में 18 लोगों की मौत हुई थी। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, मरने वाले लोगों में 6 भारतीय भी शामिल थे। बस में बैठे कुछ लोग अमेरिकी सीमा से लगने वाले शहर तिजुआनाकी ओर जा रहे थे। बस में करीब 42 यात्री सवार थे, जिसमें भारत, डॉमिनिकल रिपब्लिक और अफ्रीकी देशों के रहने वाले लोग शामिल थे।

