
हरियाणा के मेवात-नूंह में हुए दंगों के बाद पुलिस ने दंगों की शुरुआती जांच के बाद नूंह में रोहिंग्याओं और अवैध घुसपैठियों पर बड़ा एक्शन लिया है. पुलिस ने तावडू रोहिंग्याओं और अवैध घुसपैठियों के अवैध कब्जे पर बुलडोजर चलाया है. जांच में सामने आया है कि ये लोग हिंसा में शामिल थे.
बताया जा रहा है कि इन रोहिंग्याओं ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की जमीन पर अवैध कब्जा किया हुआ था. इतना ही नहीं शुरुआती जांच में ये लोग हिंसा में शामिल पाए गए. ऐसे में पुलिस ने बुलडोजर से 200 से अधिक झुग्गियां को गिरा दिया. बुलडोजर का एक्शन करीब 4 घंटे तक चला. बताया जा रहा है कि इन झुग्गियों में बांग्लादेश के काफी लोग अवैध तरीके से रह रहे हैं. इनमें से कई लोग हिंसा में शामिल थे.
हरियाणा में हुई हिंसा के आरोपियों पर पुलिस ने एक्शन तेज कर दिया है. अब तक 5 जिलों में 93 FIR दर्ज की गई हैं. 176 लोगों की गिरफ्तारी हुई है. अकेले नूंह में 46 FIR दर्ज हैं. सोमवार को नूंह में निकाली गई शोभायात्रा पर पथराव के बाद ही दो समुदायों में हिंसा फैली थी. नूंह के अलावा फरीदाबाद में 3, गुरुग्राम में 23, पलवल में 18, रेवाड़ी में 3 FIR दर्ज की गई हैं. पुलिस ने सोशल मीडिया पर प्रसारित किए गए 2300 वीडियो की पहचान की है. पुलिस का मानना है कि इन्हीं वीडियो ने हिंसा को उकसाने में अहम भूमिका निभाई.
