
तलाक के केस में शुरू हुई सुनवाई, नारायण साईं की पत्नी ने जीवन यापन के लिए एक मुश्त मांगे पांच करोड़ रुपये।
सूरत जेल में बंद आसाराम बापू के बेटे नारायण साईं को इंदौर कुटुंब न्यायालय ने नोटिस जारी कर 5 सितंबर को उपस्थित होने को कहा है। उसके खिलाफ उसकी पत्नी जानकी ने तलाक का केस दायर किया है। नारायण साईं को नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के मामले में 10 वर्ष कठोर कारावास की सजा हुई है। वह फिलहाल सूरत की सेंट्रल जेल में बंद है। इंदौर में चल रहे केस में जानकी ने नारायण साईं से जीवनयापन के लिए एक मुश्त पांच करोड़ रुपये की मांग भी की है।
50 हजार रुपये माह देने का था आदेश
जानकी ने करीब पांच वर्ष पहले इंदौर कूुटुंब न्यायालय में नारायण साईं के खिलाफ भरण पोषण का प्रकरण प्रस्तुत किया था। इसमें कोर्ट ने 50 हजार रुपये प्रतिमाह भरण पोषण देने के आदेश नारायण साईं को दिए थे। हालांकि, जानकी का कहना है कि उसे आज तक यह रकम नहीं मिली। कोर्ट ने अगस्त 2022 में नारायण साईं की संपत्ति कुर्क करने के आदेश भी दिए थे, लेकिन इसका भी पालन नहीं हुआ।
1997 में हुआ था विवाह
जानकी का विवाह नारायण साईं से 22 मई 1997 को हुआ था। जानकी का कहना है कि शादी के बाद से ही उसे प्रताड़ित किया जाने लगा था। उसने नारायण साईं के खिलाफ घरेलू हिंसा अधिनियम में भी प्रकरण दर्ज किया हुआ है, जो विचाराधीन है।
