तेजी से विकसित होते इंदौर शहर में तेजी से अपराधियों का ग्राफ और अपराध की प्रवृत्तियां बदलते परिपेक्ष में बढ़ रही है। शहर में कई गैंग सक्रिय हो चुकी हैं, जो लूट, डकैती, चोरी, मोबाइल स्नैचिंग, चेन स्नैचिंग सहित हत्या जैसे बड़े अपराधों को अंजाम दे रही है। ऐसी ही एक शिकायत कई दिनों से पुलिस को मिल रही है खासकर जोन एक के अधिकारियों के पास ट्रक लूट की शिकायत लगातार आ रही है। जिसके बाद अधिकारियों द्वारा अब इस मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है।
तेजाजी नगर इलाके में सामने आई है, जहां ट्रक ड्राइवर पर हमला कर दो बदमाश ट्रक और मोबाइल फोन लूट कर ले गए, पुलिस ने तत्काल मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, तेजाजी नगर थाने में फरियादी राजकुमार पांचाल की शिकायत पर दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस भी दर्ज कर लिया गया है। वही फरियादी द्वारा बताया गया कि नायता मुंडला ब्रिज के पास बाईपास रोड पर उसे 2 बदमाशों ने रोका था और चाकू दिखाकर मारा पीटा और उसे बंधक बनाकर पटक दिया, बदमाश उसका मोबाइल फोन, पर्स के साथ ही उसका ट्रक भी लूट कर ले गए, जैसे तैसे उसने खुद को आजाद करवाया और बाद में पुलिस को शिकायत की है, इस शिकायत के बाद पुलिस के पास कई शिकायतों में शामिल एक और ट्रक लूट की शिकायत हो चुकी है, जिसके आधार पर नवागत डीसीपी आदित्य मिश्रा द्वारा तुरंत टीम गठित कर बताए गए हुलिए के अनुसार टीम को रवाना कर दिया गया है। अब पुलिस टीम तकनीकी साक्ष्य और अन्य सूचना तंत्र के माध्यम से आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। डीसीपी आदित्य मिश्रा के मुताबिक यह पहली घटना नहीं है, जब ट्रक लूट की शिकायत पुलिस के पास प्राप्त हुई हो, इसके पूर्व में भी इस तरह की शिकायतें पुलिस तक पहुंची है। वही डीसीपी को संभावना है कि इस तरह की घटना करने में किसी बड़ी गैंग का हाथ हो सकता है।
