
जब जेठ ने दूसरी बार दुष्कर्म की कोशिश की तो महिला ने पति को बताया, इसके बाद थाने में शिकायत की थी।
छोटे भाई की पत्नी से दुष्कर्म करने वाले दुष्कर्मी जेठ को जिला न्यायालय ने 10 वर्ष का कठोर कारावास और 10 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई।
मामला इंदौर के छत्रीपुरा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत रहने वाली एक महिला का है। उसने शिकायत दर्ज कराई थी कि 9 जून 2022 की शाम करीब 5 बजे जब वह घर पर अकेली थी तब उसका जेठ आया और दुष्कर्म किया। आरोपित ने उसे धमकी दी थी कि यह बात किसी को बताई तो वह जान से खत्म कर देगा। दूसरे दिन भी आरोपित ने दुष्कर्म का प्रयास किया। परेशान महिला ने यह बात पति को बताई, जिसके बाद मामला पुलिस थाने पहुंचा। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार किया। इसके बाद से ही वह जेल में है। एजीपी जयंत दुबे ने बताया कि प्रकरण में चार गवाहों के बयान हुए। गुरुवार को विशेष न्यायालय ने दुष्कर्मी जेठ को 10 वर्ष कठोर कारावास की सजा सुनाई।
