इंदौर तिलकनगर थाना अंतर्गत चौहान में बदमाशों ने चोरी के बाद घर में आग लगा दी। आग की लपटे उठती देख पड़ोसियों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। हालांकि फायर ब्रिगेड ने घटना स्थल पर पहुंचकर आग पर तो काबू पा लिया, लेकिन आग भीषण होने से घर में रखा सामान पूरी तरह से जल कर खाक हो गया। फिलहाल अब पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।
शनिवार अल सुबह इंदौर के तिलक नगर थाना अंतर्गत चौहान नगर में फार्मा कंपनी के कर्मचारी के घर में चोरों की टोली पहुंची, यहां चोरी के बाद बदमाशों ने घर को आग के हवाले कर दिया, जैसे ही आग की लपटें उठने लगी तो पड़ोसियों द्वारा इसकी जानकारी पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई, जिसके बाद फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तबतक घर में रखा पूरा सामान जलकर खाक हो गया है।
गौरतलब हैं कि चौहान नगर में यह घटना तब हुई जब देवास फार्मा कंपनी में काम करने वाले आशीष वर्मा का पूरा परिवार दिल्ली अपने रिश्तेदार की शादी समारोह में शामिल होने गया था, घर सूना होने से पड़ोसियों और रिश्तेदारों के सुपुर्द घर की जवाबदारी दी हुई थी, लेकिन अचानक कुछ बदमाश अलसुबह यहां पहुंचे और चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद घर में आग लगा दी।
फिलहाल घटना की जानकारी पड़ोसियों द्वारा फरियादी आशीष वर्मा को दे दी गई है, वहीं पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी।
